• September 21, 2026 4:30 am

Har Khabar Har Samay

नालंदा – चंद टुकड़े जमीन के लिए चाकू मारकर युवक की हत्या, पिता और भाई गंभीर रूप से जख्मी …..

ByReporter Pranay Raj

Jul 15, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

रहुई थाना क्षेत्र के पेशौर गांव में बुधवार की देर शाम भूमि विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गोतिया के बीच हुए विवाद में बदमाशों ने चाकू और धारदार हथियार से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी, जबकि उसके पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।

मृतक की पहचान पेशौर गांव निवासी सुनील पंडित के पुत्र संटू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल सुनील पंडित और उनके दूसरे पुत्र विपीन कुमार का इलाज चल रहा है।

परिजनों ने बताया कि सुनील पंडित का अपने गोतिया से लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार की शाम इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने चाकू और अन्य धारदार हथियार से हमला कर सुनील पंडित तथा उनके दोनों पुत्रों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने संटू कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनील पंडित और विपीन कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला भूमि विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।