राहुल रंजन उर्फ डुग्गी की रिपोर्ट –
नगरनौसा थाना क्षेत्र के तीना गांव मोड़ के समीप शनिवार को हाइवा ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य जख्मी हो गए। जख्मी में एक की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।
मृतकों में नूरसराय थाना क्षेत्र के मेयार गांव निवासी खेमकरण महतो उर्फ मालिक के 68 वर्षीय पुत्र बृजनंदन प्रसाद और राजकिशोर प्रसाद के 32 वर्षीय चालक पुत्र अविनाश कुमार शामिल हैं।
जख्मी में बृजनंदन प्रसाद के 45 वर्षीय पुत्र अजित कुमार, उनकी 31 वर्षीय पत्नी सीमा सिन्हा, 17 वर्षीय बेटी पीहू कुमारी और तनुज कुमार की सात वर्षीय पुत्री पलक कुमारी शामिल हैं। अजित कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।पटना जा रहा था परिवार
परिजनों ने बताया कि सभी लोग बिहारशरीफ के बड़ी पहाड़ी निवासी अशोक कुमार सिन्हा की पुत्री के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव मेयार से पटना जा रहे थे। इसी दौरान नगरनौसा थाना क्षेत्र के तीना गांव मोड़ के पास हाइवा ट्रक ने उनकी स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन सवार सभी लोग जख्मी हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। स्कॉर्पियो चला रहे अविनाश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बृजनंदन प्रसाद ने बिहारशरीफ सदर अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
नगरनौसा थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने हाइवा ट्रक को जब्त कर लिया है। पोस्टमाअर्म के बाद शवों को परिवार के हवाले कर दिया गया।

