राहुल रंजन उर्फ डुग्गी की रिपोर्ट –
नूरसराय थाना क्षेत्र के अंबा नगर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। नाजायज रिश्ते के विरोध पर पत्नी ने ही पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। लाठी से पीटकर 45 वर्षीय राजेश कुमार की जान ले ली गई। मृतक के भाई ने पत्नी, बेटी-बेटे समेत छह नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना के बाद आरोपित पत्नी पिंकी देवी, बड़ी बेटी और छोटा बेटा फरार हैं।
परिजनों ने बताया कि वर्ष 2025 में राजेश यादव ने एक युवक को गोली मार दी थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। जेल जाने के बाद पत्नी पिंकी देवी एक अधिवक्ता से पति की जमानत के लिए पैरवी करा रही थी। उससे महिला का अवैध संबंध स्थापित हो गया। जिल से जमानत पर रिहा होने पर पति, पत्नी के अवैध रिश्ते का विरोध कर रहा था।
दूसरी शादी की तैयारी पड़ी भारी
इसके बाद राजेश दूसरी शादी करने की तैयारी में जुट गए थे। इसकी भनक पत्नी को लग गई। उसे आशंका थी कि दूसरी शादी होने पर संपत्ति का बंटवारा करना पड़ेगा। इसी कारण पत्नी ने सहयोगियों के साथ मिलकर राजेश को रास्ते से हटा दिया। राजेश मूल रूप से थरथरी थाना क्षेत्र के अतवल बिगहा गांव निवासी स्व. लच्छू यादव के पुत्र थे।
छापेमारी में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

