राहुल रंजन की रिपोर्ट –
लहेरी थाना क्षेत्र से 7 माह पहले लापता हुई नर्स रीना देवी के अपहरण की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। अपहरण नहीं, बल्कि यह प्रेम, ब्लैकमेल और साजिश के तहत की गई निर्मम हत्या थी। पुलिस ने इस मामले में हरनौत नगर पंचायत के लिपिक दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका रीना देवी शिवपुरी रामचंद्रपुर मोहल्ला निवासी सुरेंद्र प्रसाद की पत्नी थीं और एक निजी क्लिनिक में नर्स का काम करती थीं। उनके पुत्र चंदन कुमार ने 5 अप्रैल को लहेरी थाना में मां के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
क्लिनिक में हुई मुलाकात बनी जान की दुश्मन
पुलिस पूछताछ में दिनेश ने बताया कि कुछ साल पहले उसकी मां बीमार हुई थीं। नईसराय के एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान उसकी मुलाकात नर्स रीना से हुई। बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। आरोपित का दावा है कि बाद में रीना उसे ब्लैकमेल करने लगी। वह लगातार रुपये मांगती थी और नहीं देने पर दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देती थी। परेशान होकर दिनेश ने राजगीर नगर पंचायत में तबादला करा लिया, लेकिन रीना वहां भी पहुंच गई और कर्मियों के सामने गाली-गलौज की। बाद में उसने चेक से कुछ रुपये भी दिए, फिर भी पीछा नहीं छूटा।
ऐसे रची गई हत्या की साजिश
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए दिनेश ने हत्या की योजना बनाई। उसने अपने घर में काम करने वाले राजमिस्त्री छोटू कुमार उर्फ राधेश्याम को साथ मिलाया। फर्जी दस्तावेज पर दो सिम लिए गए। हरनौत-कल्याण बिगहा मार्ग पर आबादी से दूर एक सुनसान मकान किराए पर लिया गया। शव ठिकाने लगाने के लिए पहले से सालिमपुर गंगा नदी की रेकी की गई। घटना वाले दिन दोपहर करीब 3:30 बजे रीना घर से मायके बिंद के नीरपुर जाने के लिए निकली थी। रास्ते में दिनेश ने उसे साथ रहने का झांसा देकर किराए के मकान पर बुला लिया। वहां उसे चूहा मारने की दवा मिला मटन-रोटी खिलाया गया। हालत बिगड़ने पर उसी के दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी गई। बाद में शव को बोरी में भरकर सालिमपुर ले जाकर गंगा नदी में फेंक दिया गया।
मोबाइल नंबर से खुला राज
शुरुआत में पुलिस के पास सरकारी कर्मी दिनेश के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं था। जांच अटकी हुई थी। तभी महिला के मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड से कुछ संदिग्ध नंबर सामने आए। उन्हीं नंबरों के सहारे पुलिस सुनसान मकान के मालिक तक पहुंची। मकान मालिक ने किराएदार का आधार कार्ड दिया, जो दिनेश का निकला। इसके बाद कड़ाई से पूछताछ हुई तो दिनेश टूट गया और हत्या कबूल कर ली।पुलिस अब उसके सहयोगी छोटू की तलाश में जुटी है।

