• November 13, 2026 2:47 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – क्राइम मीटिंग: अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने थानाध्यक्षों को दिए निर्देश

ByReporter Pranay Raj

Nov 12, 2026

राहुल रंजन उर्फ डुग्गी की रिपोर्ट – 

छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए नालंदा पुलिस ने कमर कस ली है। गुरुवार को समाहरणालय स्थित भवन में एसपी हृदय कांत की मासिक आपराध गोष्ठी आयोजित की। जिसमें सभी डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर व थानाध्यक्ष शामिल हुए।
एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को साफ कहा कि छठ के दौरान कई परिवार दूसरे जगह छठ मनाने चले जाते हैं, ऐसे में बंद घर चोरों का आसान निशाना बन जाते हैं। इसलिए संकरी गलियों और एकांत में स्थित घरों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहे। नियमित गश्ती बढ़ाकर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए।
ठंड में गश्ती में ढील नहीं
शुरूआती ठंड को देखते हुए एसपी ने रात्रि गश्ती में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। कहा कि लापरवाही पर गाज गिरनी तय है। वरीय अधिकारीने कहा कि पुलिस सक्रियता बढ़ाकर सड़क हादसों और चोरी की घटनाओं को रोका जाए। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ भी लगातार अभियान चलाने और तस्करों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
लंबित कांडों के निपटारे पर जोर
अपराध नियंत्रण की समीक्षा में एसपी ने लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन, कोर्ट से मिले वारंट-इश्तेहार का समय पर तामिला और लंबित कुर्की-जब्ती की कार्रवाई पूरी करने को कहा। फरार और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
दशहरा में अच्छे काम पर दी बधाई
एसपी ने दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में योगदान देने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। बैठक में डीएसपी तारकेश्वर प्रसाद, कुमार ऋषि राज, संजीत कुमार गुप्ता, अमरनाथ, रवि रंजन, ऋषभ आनंद समेत सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक और थानाध्यक्ष मौजूद थे।