• November 13, 2026 2:57 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज़ नालंदा – दुर्गा पूजा सम्मान: भूत बंगला को पछाड़ मोहद्दीनगर ने मारी बाजी, मिला प्रथम पुरस्कार…

ByReporter Pranay Raj

Nov 12, 2026

राज की रिपोर्ट – 

दुर्गा पूजा में सबसे आकर्षक पंडाल बनाने का खिताब इस बार मोहद्दीनगर की श्री भारतीय वीर नवयुवक दल ने जीत लिया। गुरुवार को टाउन हॉल में आयोजित दुर्गा पूजा प्रतिभा गौरव सम्मान समारोह में समिति को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह का आयोजन डिप्टी मेयर प्रतिनिधि दानिश मलिक की ओर से पहली बार किया गया था। इसके पूर्व इस तरह का आयोजन नहीं हुआ था। समारोह में शहर की 12 पूजा समितियों को उनके बेहतर आयोजन और आकर्षक पंडाल के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही डांडिया नाइट आयोजित करने वाले 4 आयोजकों को भी सम्मान मिला।

भूत बंगला दूसरे, भैंसासुर तीसरे नंबर पर

प्रतियोगिता में भूत बंगला की थीम पर भव्य पंडाल बनाने वाली श्री राष्ट्रीय दुर्गा पूजा समिति दूसरे स्थान पर रही। समिति को 41 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। वहीं, श्री काली पूजा समिति, भैंसासुर ने तीसरा स्थान हासिल कर 31 हजार रुपये जीते। राष्ट्रीय नवयुवक संघ, रामचंद्रपुर को चौथे स्थान के लिए 21 हजार और बड़ी दुर्गा पूजा समिति, बड़ी पहाड़ी को पांचवें स्थान के लिए 11 हजार रुपये दिए गए। अन्य सभी प्रतिभागी समितियों को भी शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

 

हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल बना पर्व

दानिश मलिक ने कहा कि पूजा समितियों ने एक से बढ़कर एक पंडाल बनाकर अपनी रचनात्मकता दिखाई है। इस सम्मान का मकसद उनके प्रयासों को पहचान देना और अगले साल और बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित करना है। बिहारशरीफ के लोगों ने हिंदू-मुस्लिम एकता और गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाई। यही बिहारशरीफ की असली पहचान है। समारोह में उपमहापौर आयशा शाहीन, मेयर प्रतिनिधि अमित कुमार, वार्ड पार्षद विक्की कुमार, सौरभ कुमार, शैलेश कुमार, लक्ष्मण कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।