राहुल रंजन उर्फ डुग्गी की रिपोर्ट –
अस्थवां थाना अंतर्गत महम्मदपुर गांव के समीप बिहारशरीफ-बरबीघा मुख्य मार्ग किनारे स्थित दो जेवर दुकानों में बदमाशों ने लाखों की चोरी कर ली। घटना बुधवार की रात हुई। बदमाशों ने दोनों दुकानों से दस लाख की संपत्ति पर हाथ साफ किया। गुरुवार की सुबह घटना का खुलासा होने पर ग्रामीण पुलिस की रात्रि गश्ती पर सवाल उठा रहे हैं।
मां लक्ष्मी ज्वेलर्स में 8 लाख पर हाथ साफ
पहली चोरी शेरपुर गेट के पास स्थित मां लक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई। बदमाश शटर काटकर अंदर घुसा और दो तिजोरियों में से एक का ताला तोड़ दिया। संचालक टुनटुन वर्मा के पुत्र ऋत्विक वर्मा ने बताया कि सुबह 4:05 बजे मकान मालिक ने फोन कर शटर टूटने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे तो दुकान से करीब 3 किलो चांदी, 25-30 ग्राम सोना और गल्ले में रखे 45-50 हजार रुपये नकद गायब थे। चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 8 लाख रुपये की बताई जा रही है। दो महीने पहले ही दुकान को दूसरी जगह से यहां शिफ्ट किया था।
पीड़ित ने बतायाकि 15 दिन पहले दुर्गा पूजा की नवमी के दिन जिराइन पुल के पास चार बदमाशों ने टुनटुन वर्मा को हथियार दिखाकर घेर लिया था। उस वक्त उनके पास कीमती सामान नहीं होने से बदमाश लूट में सफल नहीं हो सके थे। अब दुकान में चोरी से परिवार दहशत में है।
तीसरी बार निशाना बनी मां वैष्णवी ज्वेलर्स
दूसरी चोरी महमदपुर बाजार स्थित मां वैष्णवी ज्वेलर्स में हुई। संचालक विक्की कुमार शाम 6 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात 8 बजे तक मोबाइल पर सीसीटीवी लाइव दिख रहा था, लेकिन सुबह कैमरा बंद मिला। पड़ोसी से पता चला तो दुकान का शटर उठा हुआ था। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोर सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर तोड़कर पीछे फेंक गए थे। दुकान से पायल, बिछिया, अंगूठी, बेसर और ग्राहक के ऑर्डर की नथिया समेत 50-60 हजार रुपये के जेवर चोरी हो गए। विक्की ने बताया कि डेढ़ साल में यह तीसरी चोरी है। पूर्व में हुई घटनाओं का पुलिस खुलासा नहीं की। जिस कारण चोरों का मनोबल बढ़ा है।
गश्ती पर सवाल
लगातार चोरी से दुकानदारों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि रात में पुलिस की गश्ती सिर्फ कागजों पर है, इसलिए चोर बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं।
एफएसएल और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटी
सूचना मिलते ही अस्थावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया और डॉग स्क्वॉड से भी चोरों का सुराग लेने की कोशिश हो रही है। थानाध्यक्ष सत्यम कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि दोनों दुकानदारों से लिखित आवेदन लिया जा रहा है। तकनीकी अनुसंधान में कुछ संदिग्धों की पहचान हुई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

