राहुल रंजन की रिपोर्ट –
वेना थाना अंतर्गत डेंटल कॉलेज के समीप ओवरब्रिज पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। दोनों हरनौत से बिहारशरीफ रजिस्ट्री कार्यालय जा रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान बेलछी थाना क्षेत्र के जोधन बीघा निवासी 37 वर्षीय नीतीश कुमार और उनकी 30 वर्षीय पत्नी विनीता देवी के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि दोनों हरनौत के गोनावां में नव-निर्मित मकान में रह रहे थे। शुक्रवार को जमीन रजिस्ट्री कराने बिहारशरीफ जा रहे थे।
हादसे की सूचना पर वेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। घटना की जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में शोक का माहौल है।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दंपति के पास से बरामद 55 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण परिजनों को सौंप दिए गए हैं। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

