राहुल रंजन की रिपोर्ट –
खुदागंज थाना क्षेत्र के धोवडीहा गांव में रविवार की शाम बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर युवक की हत्या कर दी। मृतक अमीरक प्रसाद का 22 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार था। घटना के कारणों पर सस्पेंस है। हालांकि, परिजन गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
ग्रामीणों की मानें तो युवक को गांव में ही दिन के उजाले में बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उसके सीने में लगी है। गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए इस्लामपुर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही हिलसा डीएसपी-टू रामदुलार प्रसाद दलबल के साथ मौके पर पहुंच गये और परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सीने में गोली मारकर युवक की हत्या की गयी। घटना का कारण परिवारवालों द्वारा स्पष्ट नहीं किया गया है। परिजन कुछ बदमाशों के नाम बता रहे हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

