राहुल रंजन की रिपोर्ट –
बिहार थाना क्षेत्र के खंदकपर मोड़ के पास रविवार की शाम बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों में मारपीट व पथराव की घटना हुई। मारपीट में वार्ड संख्या 30 की पार्षद सीमा गुप्ता के पुत्र पीयूष राज के अलावा कन्हैया कुमार, सोनू कुमार समेत चार लोग जख्मी हो गये। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर किया गया है।
वार्ड पार्षद ने बताया कि उनका पुत्र दवाई लाने के लिए खंदकपर मोड़ की ओर जा रहा था। तभी छात्रावास के एक युवक की बाइक से उसकी गाड़ी टकरा गयी। इसके बाद वह घर लौट गया। कुछ देर बाद छात्रावास के दर्जनों युवक वहां पहुंचे और मारपीट करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट व पथराव की सूचना है। अपर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। इस मामले में किसी ने भी लिखित शिकायत नहीं की है। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

