• October 4, 2026 9:48 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – 4 थानों की पुलिस की छापेमारी, तीन महिला संग सात गिरफ्तार…

ByReporter Pranay Raj

Oct 4, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट – 

हरनौत थाना क्षेत्र के माधोपुर सबनहुआ और बबनबिगहा में रविवार को पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। डीएसपी-2 राकेश रंजन के नेतृत्व में हरनौत, कल्याणबिगहा, चेरो और गोकुलपुर थाने की पुलिस टीम ने हॉटस्पॉट चिह्नित कर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 75 लीटर अवैध देशी चुलाई शराब बरामद की, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 500 लीटर कच्चा माल मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। सबनहुआ गांव में एक दिन पहले गोलीकांड हुआ था। जिसके बाद छापेमारी हुई।

डीएसपी-2 राकेश रंजन ने बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस टीम ने माधोपुर सबनहुआ और बबनबिगहा में छापेमारी की। माधोपुर सबनहुआ में करीब 200 लीटर और बबनबिगहा में करीब 300 लीटर शराब बनाने के लिए तैयार कच्चे माल को नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने में संलिप्त तीन महिलाओं, तीन पुरुषों और एक विधि-विरुद्ध बालक को मौके से पकड़ा गया ।

गिरफ्तार लोगों में प्रतिमा देवी, सरिता देवी, कंचन देवी, पवन कुमार, प्रीतम मांझी, संजन मांझी और एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल है। इनमें प्रतिमा देवी, सरिता देवी, कंचन देवी और पवन कुमार हरनौत थाना क्षेत्र के सबनहुआ-बबनबिगहा के रहने वाले हैं। वहीं प्रीतम मांझी, संजन मांझी और विधि-विरुद्ध बालक चेरो थाना क्षेत्र के नेमचंदबाग मुशहरी टोला के निवासी बताए गए हैं।