राज की रिपोर्ट –
उत्पाद विभाग की लगातार कार्रवाई से शराब तस्करों के हौसले पस्त होने लगे हैं। शराब की तस्करी पर लगाम कसने के लिए सक्रिय उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार की देर रात को कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो से 180 लीटर विदेशी बीयर बरामद की। टीम ने मौके से वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। बरामद बीयर को वाहन में छिपाकर ले जाया जा रहा था।
उत्पाद विभाग के थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि स्कॉर्पियो से शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने संबंधित इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। रहुई थाना क्षेत्र के सोहसराय हॉल्ट के पास संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखी गई 180 लीटर विदेशी बीयर बरामद हुई।
मौके से गिरफ्तार चालक की पहचान लहेरी थाना क्षेत्र के मुरारपुर अड्डा निवासी उदय कुमार के रूप में हुई है। टीम ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है। छापेमारी दल में सब इंस्पेक्टर अश्विनी कुमारी, सिपाही अमरेश कुमार और होमगार्ड के जवान शामिल थे।

