• July 19, 2026 9:55 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – पुलिस की सक्रियता पर नकेल नहीं: हो गई  5 घरों से लाखों की संपत्ति चोरी… 

ByReporter Pranay Raj

Jul 19, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट – 

जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार की रात बिंद और कतरीसराय थाना क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों ने 5 घरों का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नगदी और जेवर चोरी कर लिए। बिंद थाना क्षेत्र के धरमपुर और उतरथु गांव में एक ही रात चार घरों को निशाना बनाया गया। धरमपुर गांव निवासी विश्वजीत कुमार के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवर, 1.5 लाख नगद और जमीन के कागजात चोरी कर लिए। चोरी गई संपत्ति की अनुमानित कीमत 13 लाख से अधिक बताई जा रही है।

इसी तरह उतरथु गांव में मुरारी चौहान, कारू चौहान और दीना चौहान के घरों में भी ताला तोड़कर चोरी की गई। तीनों परिवार दूसरे प्रदेश में भट्ठा पर मजदूरी करते हैं। परिवार के लौटने पर ही चोरी गई संपत्ति का सही आकलन हो पाएगा।

अधिवक्ता के घर से 15 लाख की चोरी

कतरीसराय थाना अंतर्गत दरवेशपुरा गांव में बदमाशों ने अधिवक्ता शंभू शरण सिंह के घर का ताला तोड़कर स्टोरवेल से सोने-चांदी के जेवर, 60 हजार नगद सहित 15 लाख से अधिक की संपत्ति चोरी कर ली। गृहस्वामी बिहारशरीफ में रहकर प्रैक्टिस करते हैं।घटना की सूचना पर दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्षों ने बताया कि अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बिंद थाना में डॉग स्क्वायड की मदद से संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और जल्द खुलासे का दावा किया गया है। लगातार हो रही चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश और पुलिस की गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। संबंधित थानाध्यक्षों ने बताया कि पुलिस सभी घटनाओं की जांच में जुटी है।