राहुल रंजन की रिपोर्ट –
नीट पेपर लीक और सॉल्वर गिरोह से जुड़े तारों की जांच में अब पावापुरी मेडिकल कॉलेज के अंदर की गतिविधियां भी जांच एजेंसियों के रडार पर आ गई हैं। बुधवार को आईबी और पावापुरी थाना की टीम ने छात्रावास के कमरों की तलाशी ली। पुलिस की निगरानी में इंटर्न हॉस्टल के कमरा नंबर-110 और टाइप-4 आवास के कमरा नंबर-502 का ताला तोड़कर तलाशी ली गई।
बताया जा रहा है कि कमरा नंबर-110 में कथित सॉल्वर गैंग का मुख्य सरगना एमबीबीएस छात्र अवधेश कुमार रहता था, जबकि कमरा नंबर-502 में उज्ज्वल और राजा बाबू रहते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि उज्ज्वल और अमन आपस में मौसेरे भाई हैं और दोनों लंबे समय से साथ रह रहे थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने कई दस्तावेज, नोट्स, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और कॉलेज रिकॉर्ड से जुड़ी जानकारी जुटाई है। हालांकि अब तक किसी तरह की आधिकारिक बरामदगी की पुष्टि नहीं की गई है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने सिर्फ इतना कहा कि अवधेश और उज्ज्वल के कमरों की तलाशी ली गई है और पूछताछ जारी है। आरोपितों के शैक्षणिक रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा, आर्थिक लेनदेन और दोस्तों के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पावापुरी थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों के कमरे की तलाशी ली गई।

