राज की रिपोर्ट –
भागन बिगहा ओपी क्षेत्र के तूफानगंज गांव में बुधवार को संपत्ति विवाद में पुत्र ने सीने में गोली मारकर पिता की हत्या कर सौतेली मां का सुहाग उजाड़ दिया। मृतक स्व. धर्म सिंह पासवान के 48 वर्षीय पुत्र बच्चू पासवान हैं। बच्चू पासवान पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी रचाए थे। आरोपित पहली पत्नी का पुत्र है। घटना की सूचना पाकर पुलिस गांव में पहुंचकर जांच में जुट गई।
पत्नी गुलाबी देवी ने बताया कि 25 साल पहले पति की पहली पत्नी बुलू देवी ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली थी। जिसके बाद उनसे शादी किए थे। पहली पत्नी से एक पुत्र पवन पासवान है। जबकि, उनसे दो पुत्र और दो बेटियां हैं।
पति का पैतृक गांव फतुहा थाना क्षेत्र का नटेर गांव है। संपत्ति विवाद में पवन ने पति की गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। पवन घर आकर पिता को प्रणाम किया। इसके बाद बाहर ले जाकर हत्या कर दी। तूफानगंज गांव में पति का ननिहाल है। जहां अपना घर बनाकर रहते थे।
सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि संपत्ति विवाद में पुत्र ने गोली मारकर पिता की हत्या की। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

