राहुल रंजन की रिपोर्ट –
नालंदा के सलामी बल्लेबाज नमन गौरव का बिहार रणजी ट्रॉफी टीम में चयन हुआ है। बिहार का पहला मुकाबला 11 नवंबर 2026 को राजगीर के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में उत्तर प्रदेश से होगा, जिसमें नमन डेब्यू करेंगे। चयन से नालंदा जिला क्रिकेट संघ में खुशी है।
बिहारशरीफ प्रखंड की छोटी पहाड़ी निवासी नमन, सतेंद्र प्रसाद और चंद्रवती कुमारी के पुत्र हैं। 10 साल की उम्र में उन्होंने सोगरा हाई स्कूल स्थित अलीशाह क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण शुरू किया था। उनके बड़े भाई श्वेत गौरव ने आगे बढ़ने में अहम भूमिका निभाई, पहला किट राजेश रंजन ने दिया था। नमन ने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। पिछले साल अंडर-23 फाइनल में नागालैंड के खिलाफ नाबाद दोहरा शतक (200) जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं। उसी प्रदर्शन के दम पर रणजी टीम में जगह मिली।
नमन के माता-पिता ने जिला क्रिकेट संघ का आभार जताया। संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव एसएम जावेद इकबाल सहित सभी पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए रणजी में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

