राहुल रंजन की रिपोर्ट –
नूरसराय थाना क्षेत्र के अजयपुर गांव के समीप ट्रैक्टर पलटने से चालक उसके नीचे दब गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। मृतक नालंदा थाना क्षेत्र के मछलडीहा गांव निवासी धुरी मांझी के 20 वर्षीय पुत्र जीतू कुमार हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
रहुई में मिली महिला की लाश
रहुई थाना पुलिस ने सोसंदी गांव के समीप से एक अज्ञात 55 वर्षीया महिला का शव बरामद किया। थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि पुलिस शव के पहचान के प्रयास में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
दीपनगर थाना क्षेत्र में कोसुक नदी पर बने रेलवे पुल के नीचे ट्रेन से कटे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस ने बरामद किया। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि ट्रेन से कटकर मौत होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस शव के पहचान के प्रयास में जुटी है।
करंट से बुजुर्ग की मौत
चंडी थाना क्षेत्र के जुरी गांव में घर के बिजली मीटर के तार की चपेट में आने से 62 वर्षीय रमाकांत प्रसाद की मौत हो गई। वह रामबालक प्रसाद के पुत्र थे। बताया जाता है कि रमाकांत प्रसाद घर में जानवरों के लिए भूसा डालने जा रहे थे। उसी दौरान मीटर का बिजली का तार टूटकर उनके हाथ पर गिर गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिजन उन्हें चंडी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
छबिलापुर में झाड़ी से मिली नवजात की लाश
छबिलापुर थाना पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर दुहायसुहाय गांव के समीप झाड़ी से एक अज्ञात नवजात बच्चे का शव बरामद किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

