राज की रिपोर्ट
गिरियक थाना क्षेत्र के एसएच 71, गिरियक-शाहपुर मार्ग पर आदमपुर गांव के पास सोमवार की सुबह अनियंत्रित ट्रक ने घर के बाहर झाड़ू लगा रही महिला को रौंद दिया। हादसे में महेन्द्र मिस्त्री की 50 वर्षीया पत्नी प्रमिला देवी की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना को अंजाम देकर भाग रहे ट्रक का चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इधर, हादसे के नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर गये और जाम लगा दिया। ग्रामीण पीड़ित परिवार को मुआवजा दिये जाने की मांग कर रहे थे। सूचना पाकर पुलिस के अलावा प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचें। लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इससे पहले दो घंटा से अधिक समय तक यातायात पूरी तरह से बाधित रहा।
शाहपुर की ओर से आ रहा था ट्रक :
ग्रामीणों की माने घटना सुबह पांच बजकर 45 मिनट के आसपास हुई। महिला घर के सामने सफाई कर रही थी। तभी शाहपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गयी। सूचना पाकर प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस के साथ पहुंच गये।
नवादा जिला का है चालक :
जाम कर रहे लोग चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उसकी पहचान नवादा जिला के रूपौ थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी अखिलेश कुमार के रूप में की गयी है। ग्रामीण इस बात से भी नाराज थे कि घटना के काफी देर बाद भी कोई अधिकारी या जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। बीडीओ पवन कुमार ठाकुर ने बताया कि पारिवारिक लाभ के तहत 20 हजार रुपये का चेक दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

