राहुल रंजन उर्फ डुग्गी की रिपोर्ट –
दीपनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुई अलग-अलग सड़क दुर्घ्ज्ञटना में दो लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा जेल गेट के पास हुआ। जहां एक बाइक पर तीन युवक सवार होकर बिहारशरीफ की तरफ आ रहे थे। स्पीड ज्यादा थी, अचानक बाइक अनियंत्रित हुई और सामने से आ रहे ई-रिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दो गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
मृतक कोसुक गांव निवासी 18 वर्षीय रविराज कुमार है। गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने राजगीर-बिहारशरीफ मुख्य मार्ग को कोसुक गांव के पास जाम कर दिया।लोग सड़क पर बैठ गए। मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू हो गया। देर तक मुख्य मार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतार लगी रही। यात्री परेशान होते रहे। सूचना मिलते ही दीपनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद जाम हटाया गया और बिहारशरीफ-राजगीर मार्ग पर यातायात फिर से शुरू हुआ।
दूसरा हादसा – डीटीओ के पास
इसी तरह डीटीओ कार्यालय के पास एनएच-20 पर दूसरा हादसा हो गया। यहां अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार अधेड़ को रौंद दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक राणा बिगहा गांव निवासी 50 वर्षीय अवधेश कुमार सिंह बताए गए हैं। टक्कर मारने वाला वाहन फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

