• August 2, 2026 10:36 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज़ नालंदा – सदर अस्पताल में हंगामा,करंट से एक ही परिवार के लोग 5 झुलसे, एक की मौत के बाद हंगामा; इलाज में लापरवाही का आरोप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

ByReporter Pranay Raj

Aug 2, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

बिहार थाना क्षेत्र के थवई मोहल्ला में रविवार की रात एक ही परिवार के करंट लगने से चार बच्चों समेत पांच लोग झुलस गए। सभी घायलों को मोहल्लेवासियों की मदद से आनन-फानन में बिहारशरीफ सदर अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने 40 वर्षीय फिरोज को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर फैलते ही परिजन और सैकड़ों की संख्या में मोहल्लेवासी अस्पताल पहुंच गए तथा इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए इमरजेंसी वार्ड के बाहर जमकर हंगामा किया। हंगामे के कारण अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित रहीं।

 

मृतक की पहचान थवई मोहल्ला निवासी फिरोज के रूप में हुई है। हादसे में रौशन खातून, सागर, राजा समेत चार अन्य लोग झुलस गए, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की शुरुआत तब हुई जब एक बच्चा अचानक करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए एक-एक कर अन्य लोग आगे बढ़े, लेकिन वे भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गए। देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह सभी को करंट के प्रभाव से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

 

सदर अस्पताल में फिरोज को मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका आरोप था कि समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी मौत हुई। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। हंगामे के दौरान इमरजेंसी वार्ड में अफरातफरी का माहौल बन गया और डॉक्टरों तथा स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षा की दृष्टि से पीछे हटना पड़ा।

 

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-1 अमरनाथ, नगर थानाध्यक्ष सम्राट दीपक और लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

 

बिहार थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हुई है तथा अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई

की जा रही है।