• August 1, 2026 10:39 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – दिनदहाड़े हथियार के बल पर एसबीआई के सीएसपी में लूट…

ByReporter Pranay Raj

Aug 1, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

नगरनौसा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव स्थित एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में शनिवार की दोपहर चार हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने पिस्टल के बल पर सीएसपी संचालक संदीप पटेल को बंधक बना लिया और काउंटर पर रखे पांच हजार रुपये नगदी तथा एक लैपटॉप लूटकर फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

चंडी थाना क्षेत्र के पीनीपर गांव निवासी संचालक संदीप पटेल ने बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे वह बैंकिंग कार्य कर रहे थे। उसी दौरान चेहरे पर गमछा और सिर पर टोपी पहने चार युवक केंद्र में घुसे और हथियार के बल पर लूटपाट की। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना से पहले केंद्र में 1.39 लाख रुपये जमा और 1.11 लाख रुपये की निकासी हो चुकी थी, लेकिन बदमाश काउंटर पर रखे केवल पांच हजार रुपये और लैपटॉप ही ले जा सके। उल्लेखनीय है कि इसी सीएसपी में सितंबर 2025 में भी 2.60 लाख रुपये की लूट हुई थी। थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।