• May 16, 2026 10:10 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

ByReporter Pranay Raj

May 16, 2026

राज की रिपोर्ट

नालंदा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की मौत हो गयी। घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

दीपनगर थाना क्षेत्र के साठोपुर गांव के पास शनिवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान लहेरी थाना क्षेत्र के ब्रह्मस्थान निवासी बिजेंद्र यादव के 30 वर्षीय पुत्र संजय कुमार के रूप में की गयी है। परिजनों ने बताया कि संजय चूड़ी बनाने का काम करता था। शनिवार की सुबह वह काम पर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, सरमेरा थाना क्षेत्र के बढ़िया गांव के पास शुक्रवार की रात सड़क दुर्घटना में ट्रक चालक की मौत हो गयी, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बताया जाता है कि बालू लदा ट्रक सड़क पर चल रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे हाइवा में अचानक ब्रेक लगने से पीछे से ट्रक उसमें जा टकराया। हादसे में ट्रक चालक जमुई जिला के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के सनचौरा गांव निवासी इंद्रदेव यादव के 28 वर्षीय पुत्र श्रवण यादव की मौत हो गयी। जबकि उसका छोटा भाई ललन कुमार जख्मी हो गया। घायल का इलाज चल रहा है। सरमेरा थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार बिंद ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

इधर, चंडी थाना क्षेत्र के मलबिगहा गांव के खंधा में शनिवार को ताड़ के पेड़ से गिरकर एक युवक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान थरथरी थाना क्षेत्र के भिखनपुर गांव निवासी हरेन्द्र चौधरी के रूप में की गयी है। परिजनों ने बताया कि हरेन्द्र ताड़ी उतारने के लिए ताड़ के पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए चंडी रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।