राहुल रंजन की रिपोर्ट –
सोहसराय थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी में मुख्य मार्ग किनारे स्थित एक बंद आलीशान मकान को चोरों ने निशाना बनाकर करीब 40 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना गुरुवार रात की है। चोर घर का ताला काटकर 35.36 लाख नगदी, सोने-चांदी के जेवर, इन्वर्टर-बैटरी समेत कीमती सामान ले गए।
पीड़ित व्यवसायी सह समाजसेवी परविंदर इंटरप्राइजेज के संचालक अरविंद कुमार सिन्हा हैं। उनका यह मकान कौशल्या निवास के नाम से है, जिसमें आवास के साथ ही संस्थान का कार्यालय भी है। उनका पैतृक घर नूरसराय के जगदीशपुर में है और वर्तमान में परिवार के साथ पटना में रहते हैं।
घर में इन दिनों पेंटिंग का काम चल रहा था। शुक्रवार सुबह मजदूर काम पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला कटा और दरवाजा टूटा देखकर सन्न रह गए। मजदूरों ने तुरंत व्यवसायी को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह बिहारशरीफ लौटे।
व्यवसायी ने बताया कि आचार संहिता लागू होने के कारण वे एक दिन पहले ही 35.36 लाख रुपये नगदी घर में रखकर पटना गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश ने बताया कि मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

