राज की रिपोर्ट –
कतरीसराय पुलिस ने रुपया लेनदेन विवाद में अगवा कर बंधक बनाए गए राजगीर के एक बालक को बिलारी मोड़ के पास ईंट-भट्ठे से बरामद किया है। मौके से तीन आरोपितों को देसी कट्टा, दो कारतूस और तीन मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक फरार हो गया।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को अपर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार गश्त पर थे। बिलारी मोड़ के पास ईंट-भट्ठे की तरफ से शोर सुनकर टीम पहुंची और एसआई धर्मेंद्र कुमार व मुकेश कुमार के सहयोग से चार लोगों को घेरा गया। पूछताछ में पता चला कि रुपया लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी को लेकर चारों राजगीर के बालक को अपने साथ लाए थे और पैसे वसूलने के लिए मारपीट व धमकी दे रहे थे। पुलिस ने बालक को सुरक्षित छुड़ा लिया। मौके से तीन बदमाशों को हथियार-कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। जबकि, एक फरार होने में सफल रहा।
गिरफ्तार आरोपित नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के हैं। इनमें फतहा गांव निवासी रितेश कुमार पिता भोला यादव, ठेरा गांव निवासी शिवम कुमार पिता मनीष सिंह और सिमरी बिगहा गांव निवासी सूरज कुमार पिता पंकज सिंह शामिल हैं। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुटी है।

