राहुल रंजन की रिपोर्ट –
इसलामपुर थाना अंतर्गत गौरव नगर मोहल्ला में सोमवार को तीन मंजिला घर के छत से नीचे गिरकर युवक की मौत हो गई। मृतक जहानाबाद के हुलासगंज थाना क्षेत्र के कटौली गांव निवासी किशोरी प्रसाद का 21 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार है। घटना के बाद मृतक की मां ने प्रेमिका और उसके परिजनों पर छत से नीचे फेंककर हत्या का आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस ने युवती व उसके माता-पिता को थाना लाकर उनसे पूछताछ कर रही है। युवती के परिवार की मानें तो भागने में युवक छत से गिर गया। जिससे उसकी मौत हुई। छत से गिरते युवक सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे लोग घरों में थे, तभी तेज आवाज आई। बाहर निकलकर देखा तो युवक खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
मृतक की मां सुषमा देवी ने बताया कि गौरव नगर में किराये पर रहने वाली युवती से रजनीश का प्रेम संबंध था। युवती ने फोन कर बुलाया था। रजनीश मछली लेकर उससे मिलने गया था। आरोप है कि युवती ने साजिश के तहत कुछ युवकों को बुला लिया, मारपीट की और फिर हत्या कर शव को छत से नीचे फेंक दिया। वहीं, युवती का परिवार बता रहा है कि युवक को परिजनों ने देख लिया था। भागने में हादसा हुआ।
हिलसा डीएसपी-2 रामदुलार प्रसाद और थानाध्यक्ष रणविजय कुमार मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिवार युवती के परिजन पर छत से नीचे फेंककर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। युवती व उसके माता-पिता से पूछताछ की जा रही है। लिखित शिकायत मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।

