• June 12, 2026 7:07 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – दिल्ली से लाया गया युवक का शव, भाई बोला …

ByReporter Pranay Raj

Mar 10, 2026

राहुल रंजन –

नूरसराय थाना क्षेत्र के जगदीशपुर तियारी गांव निवासी एक युवक की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मंगलवार को उसका शव गांव लाया गया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय नीतीश कुमार के रूप में हुई है। घटना को लेकर परिजनों में अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। पत्नी जहां मौत का कारण शराब बता रही है, वहीं भाई ने मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

मृतक की पत्नी सजनी कुमारी ने बताया कि वे लोग द्वारका सेक्टर 3 में रहते थे और नीतीश मजदूरी का काम करते थे। उनके अनुसार, रविवार की रात वह शराब पीकर घर आए और सो गए। सोमवार की सुबह जब वह नहीं उठे तो उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी का कहना है कि अत्यधिक शराब पीने के कारण उनकी मौत हुई।

वहीं, मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि नीतीश के शरीर पर मारपीट के निशान हैं। उन्होंने बताया कि साढ़ू और साले के साथ रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद में नीतीश की पीट-पीटकर हत्या की गई है।

परिजन शव को लेकर बिहारशरीफ पहुंच गए, जहां बिहार थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। शिकायत मिलने पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को संबंधित थाने को भेजा जाएगा।