राहुल रंजन की रिपोर्ट
गिरियक थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में बुधवार को अवैध बालू खनन के दौरान मिट्टी व बालू धंसने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंचकर जांच में जुट गई।
मृतक की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के दरियासराय मुसहरी गांव निवासी मनोज चौधरी के पुत्र रौशन चौधरी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी से ट्रैक्टर पर अवैध बालू लोड किया जा रहा था। तभी बालू का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया और रौशन उसकी चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खन हो रहा है। अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ग्रामीण सड़कों से गुजरते हैं, जिससे सड़कें जर्जर हो गई हैं। गिरियक थाना के दारोगा निशांत भूषण ज्ञानेंदु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अवैध खनन से जुड़ा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

