• July 1, 2026 10:56 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – निगरानी की कार्रवाई: घूस लेते दो गिरफ्तार, जानें कौन-कौन धराया…

ByReporter Pranay Raj

Jul 1, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

हिलसा अनुमंडल कार्यालय में बुधवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधान सहायक (प्रधान लिपिक) को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान उनके एक सहयोगी सुनील चौधरी को भी हिरासत में लिया गया। दोनों को पूछताछ के लिए पटना ले जाया गया है।

निगरानी डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि हिलसा निवासी दिलीप नारायण सिंह ने 19 जून को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक मामले के निपटारे के लिए प्रधान सहायक द्वारा 22 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत प्राप्त होने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए।

जांच के बाद विशेष धावा दल का गठन किया गया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि देने के लिए भेजा गया। जैसे ही प्रधान सहायक ने 22 हजार रुपये की रिश्वत ली, निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में मौजूद उनके सहयोगी सुनील चौधरी को भी हिरासत में ले लिया गया।

कार्रवाई के बाद निगरानी टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ पटना ले गई, जहां उनसे आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अचानक हुई इस कार्रवाई से अनुमंडल कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग कार्यालय परिसर में जुट गए और काफी देर तक घटना चर्चा का विषय बनी रही।

निगरानी की इस कार्रवाई में डीएसपी शशिशेखर कुमार, इंस्पेक्टर डी.एल. श्रीवास्तव, आशीष चौबे, राहुल कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।