राज की रिपोर्ट –
दुर्गा पूजा समेत अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की तैयारी पुलिस पूरी कर चुकी है। अब तैयारियों को धरातल पर तेजी से उतारा जा रहा है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने पुलिस केंद्र में वाहनों और दंगा नियंत्रण उपकरणों का निरीक्षण किया।
एसपी ने पुलिस केंद्र में उपलब्ध सभी पुलिस वाहनों के रखरखाव, उनकी कार्यशीलता और आपातकाल में उपयोग की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही दंगा नियंत्रण वाहन वज्र और दंगा निरोधी उपकरणों की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से वाहनों और उपकरणों की उपलब्धता और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि सभी वाहन और उपकरण पूरी तरह दुरुस्त और त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रखे जाएं। किसी भी आकस्मिक स्थिति में संसाधनों की कमी से कार्रवाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
एसपी ने कहा कि वाहनों और उपकरणों की नियमित जांच हो और कोई कमी मिले तो तत्काल दूर किया जाए। त्योहारों में भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और आपातकालीन प्रतिक्रिया को मजबूत रखने पर जोर दिया। मौके पर डीएसपी श्याम किशोर रंजन, रामदुलार प्रसाद, मेजर राजमणि समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

