राहुल की रिपोर्ट
लहेरी थाना क्षेत्र के बाजार समिति परिसर में सोमवार को तेज हवा के कारण ताड़ का पेड़ एक महिला पर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मृतका स्व. कृष्ण प्रसाद की 62 वर्षीया पत्नी चिंता देवी थीं। वह मूल रूप से एकंगरसराय थाना क्षेत्र के नकटीसराय गांव की रहने वाली थीं। वर्तमान में लहेरी थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी देवी स्थान मोहल्ले में रहकर सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं।
महिला सोमवार को सब्जी खरीदने के लिए रामचंद्रपुर बाजार समिति गई थीं। सब्जी खरीदकर खड़ी थीं, उसी दौरान यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही लहेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि आपदा राहत योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी से बात की गई है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतका के परिजनों को निर्धारित सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

