राहुल रंजन की रिपोर्ट
हिलसा थाना क्षेत्र के मानपुर गांव के पास शनिवार की रात पूर्व से घात लगाए बदमाशों ने बाइक सवार युवक को गोली मार दी। ग्रामीणों के सहयोग से जख्मी गुलनी निवासी योगेंद्र प्रसाद के 22 वर्षीय पुत्र उदय कुमार को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
गति अवरोधक के पास घटना
परिवार ने बताया कि उदय एकंगसराय से बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। उसी दौरान मानपुर गांव के गति अवरोधक के पास बाइक की गति धीमी हुई। उसी क्रम में घात लगाए 6 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी।
गोली युवक के कमर के ऊपर लगी। कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। चर्चा है कि गुलनी निवासी एक युवक ने मानपुर निवासी युवती से प्रेम विवाह किया है। उसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुटी है। लिखित शिकायत मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। जांच के बाद घटना का कारण स्पष्ट होगा।

