• April 17, 2026 10:17 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – इंटर की छात्रा ने समाज के लोक-लाज व खौफ में की खुदकुशी, जानें मामला ….

ByReporter Pranay Raj

Apr 10, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

​नालंदा थाना क्षेत्र के एक गांव में लोक-लाज और खौफ के कारण एक नाबालिग छात्रा ने गुरुवार की रात फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। शुक्रवार की सुबह कमरे में फंदे से लटका शव बरामद किया गया। 17 वर्षीया किशोरी ने इसी वर्ष इंटर की परीक्षा पास की थी और पांच बहनों में सबसे छोटी थी।

​परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता ने बताया कि गुरुवार की शाम उनकी पुत्री दालान में गई थी। उस समय घर के अन्य सदस्य बाहर थे। रात करीब नौ बजे जब पिता दलान पहुंचे तो देखा कि गांव का ही एक दबंग युवक उनकी बेटी के साथ अश्लील हरकत कर रहा था। टोकने पर आरोपी ने पिता पर हथियार तान दिया और धमकी दी कि शोर मचाया या किसी को बताया तो दोनों को गोली मार देंगे। हालांकि, पुलिस इसे प्रेम-प्रसंग का मामला बता रही है।

रात में किसी ने नहीं खाया खाना :

आरोपी की धमकी और सामाजिक बदनामी के डर से परिवार इस कदर सहम गया कि रात में किसी ने खाना तक नहीं खाया। सुबह जब परिजन कमरे में गए, तो युवती का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों का कहना है कि आरोपी की हरकत और उसके खौफ ने उनकी बेटी को आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

क्या कहती है पुलिस :

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संदिग्ध युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। राजगीर डीएसपी ने प्रेस बयान जारी कर बताया है कि दुपट्टे से लटककर छात्रा ने फांसी लगायी है। परिजनों ने प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या की बात बतायी है।