राज की रिपोर्ट
ऑनलाइन गेमिंग की लत एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। दीपनगर थाना क्षेत्र के सिपाह गांव में गुरुवार शाम 22 वर्षीया विवाहिता अंजू कुमारी की संदिग्ध मौत हो गई। पुलिस इसे खुदकुशी बता रही है, जबकि मायके वाले पति पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
मृतका मुकेश कुमार की पत्नी थी। शादी 2023 में हुई थी। 11 माह का एक बेटा भी है। अस्थावां के उगावां गांव निवासी पिता और भाई रौशन का आरोप है कि अंजू ऑनलाइन गेमिंग में 15 हजार रुपए हार गई थी। इसी बात को लेकर पति से विवाद हुआ और आक्रोश में आकर उसने गला दबाकर हत्या कर दी। गुरुवार को सूचना मिलने पर परिजन सिपाह पहुंचे तो अंजू का शव घर के बाहर रखा था। उस समय ससुराल वाले घर से फरार थे।
दीपनगर के अपर थानाध्यक्ष विमलेश पासवान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि गेमिंग में पैसे हारने के बाद पति ने उसे डांट लगाई थी। इससे आहत होकर अंजू ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। शुक्रवार देर शाम तक मायके पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन मिलने पर केस दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

