राहुल रंजन –
चंडी थाना क्षेत्र के तीनी-लोदीपुर गांव में बुधवार की शाम एक महिला छत से गिर गयी। इलाज के दौरान रात को पटना के एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गयी। मायके के परिजनों ने महिला के पति समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर करायी है। मृतका कल्याण कुमार की 23 वर्षीया पत्नी लूसी कुमारी थी।
लूसी के पिता नूरसराय थाना क्षेत्र के ननौरा-अजनौरा गांव निवासी ब्रजकिशोर सिंह ने पटना के रामकृष्ण नगर थाने में अपना फर्द बयान दिया है। बयान के आधार पर चंडी थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राथमिकी के अनुसार पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी दो बेटियां है। बेटा नहीं होने के कारण ससुराल के लोग प्रताड़ित करते थे। बुधवार की शाम दामाद ने फोन कर बताया कि लूसी छत से गिर गयी है। इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर पटना पहुंचे तो वह बेहोश पड़ी थी। बाद में उसकी मौत हो गयी। उन्होंने आरोप लगाया है कि ससुराल के लोगों ने छत से गिराकर उसकी हत्या कर दी। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि पटना में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पटना पुलिस ने फर्द बयान लिया है। उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

