• September 20, 2026 5:26 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – भोजपुरी एक्ट्रेस के काफिले पर पथराव, जाने घटना…

ByReporter Pranay Raj

Sep 19, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

लहेरी थाना अंतर्गत् आनंद मार्ग में शनिवार को ज्वेलरी शोरूम के उद्घाटन के बाद लौट रही भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी के काफिले पर भीड़ ने पथराव कर दिया। पथराव में काफिले में शामिल एक कार का शीशा टूट गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया और अभिनेत्री को सुरक्षित पटना रवाना कर दिया।

बिहारशरीफ में सेंको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम के उद्घाटन के लिए काजल राघवानी अपनी टीम के साथ पहुंची थीं। उनके आने की सूचना पर शोरूम के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। भीड़ अधिक होने पर सुरक्षा कारणों से शोरूम के अंदर लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। इससे बाहर खड़े कुछ लोग नाराज हो गए।उद्घाटन समाप्त होने के बाद जैसे ही काजल राघवानी काफिले के साथ बाहर निकल रही थीं, इंट्री नहीं मिलने से नाराज लोग लाठी-डंडे लेकर काफिले के पीछे दौड़ने लगे। इसी दौरान भीड़ में से किसी ने पत्थर चला दिया, जिससे एक कार का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।पुलिस बल ने भीड़ को हटाकर काफी मशक्कत के बाद काफिले को सुरक्षित बाहर निकाला ।

एसडीओ किसलय श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम आयोजक ने इसके लिए किसी तरह का लिखित लाइसेंस नहीं लिया था। एहतियात के तौर पर पहले से पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी, जिसके कारण समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और बड़ा हंगामा टल गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों के लिए नियमानुसार लाइसेंस लेना अनिवार्य है।