• July 12, 2026 10:16 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – चार महीने पहले पत्नी को खो चुके बलराम और सुमित की एक साल पहले बसी थी गृहस्थी, दोनों की सड़क हादसे में मौत…

ByReporter Pranay Raj

Jul 12, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट – 

 

नूरसराय थाना क्षेत्र के एसएच-78 पर बिहटा-सरमेरा पर मुजफ्फरपुर गांव के पास रविवार की शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। अज्ञात वाहन की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सबसे मार्मिक बात यह है कि मृतक बलराम प्रसाद ने महज चार महीने पहले ही अपनी पत्नी को ब्रेन हेमरेज के कारण खोया था। परिवार उस गहरे सदमे से अभी उबर भी नहीं पाया था कि अब बलराम की मौत ने पूरे घर को शोक में डुबो दिया। वहीं दूसरे मृतक सुमित राज की शादी को अभी सिर्फ एक साल ही हुआ था। नई-नई बसी गृहस्थी पलभर में उजड़ गई।

मृतकों की पहचान लहेरी थाना क्षेत्र के मेहरपर किसान बाग निवासी विजय प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र सुमित राज तथा दीपनगर थाना क्षेत्र के बिजवनपर गांव निवासी सिद्धेश्वर प्रसाद के 40 वर्षीय पुत्र बलराम प्रसाद के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि बलराम जीपीएस ट्रैकर सिस्टम लगाने की फ्रेंचाइजी चलाते थे, जबकि सुमित उनके साथ स्टाफ के रूप में काम करते थे। दोनों रविवार को काम के सिलसिले में पटना गए थे। लौटने के दौरान मुजफ्फरपुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हेल्मेट पहनने के बावजूद टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेजा।

नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

बलराम के घर में एक के बाद एक हुई दो मौतों ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। चार महीने पहले पत्नी की मौत के बाद अब बलराम के निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सुमित की मौत से उनकी पत्नी और परिजन बेसुध हैं। जिस घर में एक साल पहले शादी की खुशियां गूंजी थीं, वहां अब सिर्फ चीख-पुकार और मातम का माहौल है। यह दर्दनाक हादसा दोनों परिवारों के लिए ऐसी टीस छोड़ गया है, जिसे शायद समय भी कभी पूरी तरह नहीं भर पाएगा।