राहुल रंजन की रिपोर्ट –
नूरसराय थाना क्षेत्र के पपरनौसा गांव में मजदूर की हत्या कर शव जमीन में गाड़ देने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला गांव निवासी बजरंगी मांझी की पत्नी महुली देवी उर्फ मछुली देवी है। वह मृतक की मौसेरी बहन बतायी जाती है। रविवार को पुलिस ने जमीन खोदकर मजदूर का शव बरामद किया था।
मृतक की पत्नी ने मामले में पांच लोगों को नामजद करते हुए एफआईआर करायी है। पत्नी का आरोप है कि आरोपितों ने उसे और उसके पति को बंधक बनाकर रखा था और उनके साथ मारपीट की गयी। इसके बाद उसके पति की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया गया।
मामले में पहले साढ़े चार लाख रुपये के लेन-देन की बात सामने आयी थी। हालांकि, मृतक की पत्नी का कहना है कि उसके पति पर मात्र एक हजार रुपये बकाया थे। इसी रकम को लेकर उसके पति की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगाया है।
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय के हवाले कर दिया गया है। अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

