राहुल रंजन की रिपोर्ट –
हरनौत थाना क्षेत्र के माधोपुर सबनहुआ गांव में शनिवार की शाम शराब के नशे में धुत बदमाश ने जमकर दहशत फैलाई। शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद बदमाश ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से महिला समेत तीन लोग जख्मी हो गए। घायलों में 30 वर्षीय मुकेश बिंद, 35 वर्षीय सोहन कुमार बिंद और सुनीला देवी शामिल हैं। सभी को बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि फायरिंग के दौरान सबसे पहले गोली मुकेश बिंद के पैर में लगी। इसके बाद गोली वहीं मौजूद सुनीला देवी के पैर को छूती हुई निकली और सोहन कुमार बिंद के पैर में जा लगी। एक ही गोली से तीन लोगों के घायल होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी दोपहर से ही शराब के नशे में गांव में हंगामा कर रहा था। शाम में वह हथियार लेकर पहुंचा और पहले हवा में फायरिंग की। इसके बाद लोगों की ओर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
मुकेश की पत्नी मीना देवी ने बताया कि उनके पति मछली बेचने का काम करते हैं। वह रास्ते में खड़े थे, तभी अचानक गोली चलने से उनके पैर में गोली लग गई। फायरिंग के बाद आरोपी घायल लोगों के पास पहुंचकर माफी मांगने लगा और इलाज का खर्च देने की बात कहने लगा।
वहीं, सोहन कुमार ने बताया कि उनका आरोपी से कोई विवाद नहीं था। वह गली से निकल रहे थे, तभी अचानक फायरिंग कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी टिंकू यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया है।
सदर डीएसपी-2 राकेश कुमार रंजन ने बताया कि मुख्य आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि फायरिंग में मुकेश और सोहन को गोली लगी है, जबकि सुनीला देवी को गोली के छींटे लगे हैं। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। घटना के बाद एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस कैंप कर रही है।

