राहुल रंजन की रिपोर्ट –
चंडी थाना क्षेत्र के भटन बिगहा गांव में शनिवार को बदमाशों ने चौकीदार के भतीजे के पेट में गोली मार दी। इसके पहले दोनों पक्षों में मारपीट-रोड़ेबाजी हुई। जिसमें पांच लोग जख्मी बताए जा रहे हैं। गोली से जख्मी 40 वर्षीय सुरेंद्र गोप को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जख्मी के चाचा सिकंदर गोप चंडी थाना के चौकीदार हैं।
चौकीदार ने आरोप लगाया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है और शनिवार को 25 राउंड से अधिक फायरिंग हुई। उन्होंने मुकेश कुमार पर गाली-गलौज और पहले भी गोलीबारी का आरोप लगाया।
दूसरे पक्ष से घायल किशोरी गोप, धर्मेंद्र कुमार, धर्मवीर यादव, मुकेश कुमार और रीता देवी का इलाज कराया गया। रीता देवी ने आरोप लगाया कि वे खेत में घास काटने गए थे, तभी सुरेंद्र गोप के परिवार ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिसके बाद पथराव शुरू हुआ।
घटना की सूचना के बाद हिलसा डीएसपी सुनील कुमार सिंह और चंडी पुलिस मौके पर पहुंची। एहतियातन पुलिस गांव में कैंप कर रही है।
चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि घास काटने और रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। पहले पथराव और फिर गोलीबारी हुई। दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर तीन मामले न्यायालय में लंबित हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

