एनके सिन्हा की रिपोर्ट
जिले में शनिवार को करंट की तीन अलग-अलग घटनाओं में 2 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों में नूरसराय के बालचंद बिगहा निवासी 40 वर्षीय अजीत चौहान और दीपनगर के मेघी नगमा गांव का 12 वर्षीय अन्नी कुमार शामिल हैं।
नूरसराय में रास्ते पर टूटकर गिरे बिजली तार की चपेट में आने से अजीत चौहान मौके पर झुलस गए। ग्रामीणों ने सूचना दी तो बिजली काटकर शव हटाया गया।हिलसा अनुमंडल के तीना गांव में अंचल कुमार लकड़ी तोड़ते समय तार के संपर्क में आ गया। वह गंभीर रूप से झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इसी तरह दीपनगर के मेघी नगमा में बोरिंग पर पानी पीने गया अन्नी कुमार करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसी थाना क्षेत्र के महानंदपुर गांव में भी करंट लगने से एक महिला और युवती झुलस गईं। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। हादसों के बाद परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जर्जर तारों की समय पर मरम्मत नहीं होती। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांवों में तारों और ट्यूबवेल की जांच कर जर्जर तार बदले जाएं, ताकि हादसे की पुनरावृति न हो। संबंधित थाना पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिवार के हवाले कर दिया।

