राहुल रंजन की रिपोर्ट –
नूरसराय थाना क्षेत्र के कठनपुरा गांव के खंधा पुल के पास सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे से शुक्रवार को बाइक समेत युवक का शव बरामद किया गया। मृतक पटना जिले के भदौर थाना क्षेत्र के गोड़िहारी गांव निवासी चुन्नू मांझी के पुत्र सतीश कुमार हैं।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार देर शाम वह बाइक से अपने ससुराल परवलपुर से घर लौट रहा था। शुक्रवार को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को बाहर निकाला। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि आशंका है कि बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई और रात होने से मदद नहीं मिल पाई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सर्पदंश से युवक की मौत, झाड़-फूंक में गंवाया समय
परवलपुर थाना अंतर्गत बड़ी मठ गांव में गुरुवार की रात सर्पदंश से 19 वर्षीय हरिनंदन मांझी की मौत हो गई। वह श्लोम मांझी का पुत्र था। भाई दीपक ने बताया कि शादी के एक साल बाद उसकी एक माह की बेटी है। रात में खाना खाकर वह मठ में सोने गया था। दर्द होने पर उठा तो ग्रामीणों ने सांप को देखकर मार दिया।
ग्रामीणों की मानें तो परिजन पहले उसे ओझा-गुनी के पास ले गए। तीन घंटे बाद हालत बिगड़ने पर परवलपुर अस्पताल लाया गया, जहां से सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हिलसा में नदी में डूबे किशोर मिला शव
हिलसा थाना क्षेत्र के लोकाइन नदी के रेडी पुल के पास गुरुवार को डूबे किशोर का शव शुक्रवार सुबह बरामद हुआ। मृतक रसलपुर गांव निवासी अखिलेश कुमार का 14 वर्षीय पुत्र मयंक कुमार है।परिजनों ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे मयंक मछली पकड़ रहे लोगों को देखने गया था, तभी पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया। घटना के करीब 18 घंटे बाद बाजीतपुर गांव के पास नदी से तीन किमी दूर शव मिला।
थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
पंचाने नदी में डूबे बुजुर्ग का दूसरे दिन मिला शव
सिलाव थाना क्षेत्र के कमदारगंज गांव में गुरुवार शाम पंचाने नदी में मवेशी धोने के दौरान डूबे 76 वर्षीय अर्जुन यादव का शव शुक्रवार दोपहर बरामद कर लिया गया।परिवार ने बताया कि पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए थे। रात भर ग्रामीणों ने खोजबीन की, लेकिन अंधेरे के कारण पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर विपिन कुमार, धर्मवीर, विकास और दयाचंद ने फिर से तलाश शुरू की। दोपहर करीब 2 बजे घटनास्थल से 500 मीटर दूर नदी की तलहटी से शव मिला। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।

