• June 25, 2026 11:09 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा : तेज रफ्तार का कहर : बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरा युवक, 500 मीटर तक घिसटने से मौत

ByReporter Pranay Raj

Jun 25, 2026

राज की रिपोर्ट 

सरमेरा। थाना क्षेत्र के मिसीयां गांव के समीप गुरुवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र स्थित आमोडीह गांव निवासी आलोक यादव के 19 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में की गई है।

परिजनों के अनुसार अंकित कुमार किसी कार्य से बाइक पर सवार होकर बेगूसराय से जहानाबाद जा रहा था। इसी दौरान मिसीयां गांव के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार होने के कारण बाइक सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी और काफी दूर तक घिसटती चली गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया।

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है