राहुल रंजन की रिपोर्ट
बिन्द थाना क्षेत्र के नीरपुर गांव में गुरुवार को ताड़ी पीने के दौरान हुए विवाद में एक अधेड़ व्यक्ति को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। घायल की पहचान छतरपुर गांव निवासी जितेंद्र यादव के रूप में की गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल जितेंद्र यादव ने बताया कि वह किसी निजी कार्य से नीरपुर गांव गए थे। इसी दौरान वह कुछ लोगों के साथ ताड़ी पी रहे थे। तभी नीरपुर गांव निवासी अजीत ढाढ़ी अपने एक सहयोगी के साथ वहां पहुंचा और उनसे गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपित ने गोली चला दी, जो उन्हें जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायल को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि मामले में दो नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

