राहुल रंजन की रिपोर्ट
तेलमर थाना क्षेत्र स्थित एक गैस एजेंसी में घुसकर बदमाशों ने रंगदारी के लिए तोड़फोड़-मारपीट करते हुए सिलेंडर लूट लिया। पिटाई से कर्मी व ग्राहक जख्मी हो गए। घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें प्रताड़ित किया और गैस एजेंसी बंद कराने की धमकी भी दी।
तेलमर स्थित शंकर भारत गैस पाकड़ ग्रामीण वितरक के संचालक मिथलेश रविदास ने तेलमर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में कहा गया है कि रविवार दोपहर करीब तीन बजे एजेंसी कार्यालय में कर्मी अतुल कुमार गैस वितरण का काम देख रहे थे।
उसी दौरान एक युवक कार्यालय पहुंचा और मोबाइल से अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में आधा दर्जन लोग कार्यालय पहुंचे और कथित रूप से रंगदारी के तौर पर छह गैस सिलेंडर की मांग करने लगे।
मना करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड, ईंट और छोटे गैस सिलेंडरों से हमला कर दिया। हमलावरों ने कार्यालय के मुख्य गेट का शीशा तोड़ दिया और वहां रखे एक लैपटॉप, दो डेस्कटॉप कंप्यूटर, दो मॉनिटर तथा दो प्रिंटर को क्षतिग्रस्त कर दिया। संचालक के अनुसार, इस घटना में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
हमले में एजेंसी कर्मी अतुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राहक रौशन कुमार को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया। बदमाश कुछ सिलेंडर लूटकर ले गया। सीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपियों की पहचान मुस्तफ्फापुर निवासी विक्की यादव, रिशु यादव, शिशु यादव और सौरभ यादव के रूप में हुई है। इसके अलावा तीन से चार अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

