राहुल रंजन की रिपोर्ट
मानपुर थाना क्षेत्र के सिंग्थू गांव के पास शुक्रवार की शाम बेलगाम ट्रैक्टर की टक्कर से साइकिल सवार दो बच्चों की मौत हो गई। घ्टना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। दो बच्चों की एक साथ मौत से गांव में आक्रोश फैल गया। मृतकों में विशुनपुर निवासी रामभजन चौहान के 8 वर्षीय पुत्र ऋषिकेश कुमार और सिंग्थू निवासी रंजीत चौहान के 6 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार शामिल हैं।
परिजनों ने बताया कि ऋषिकेश ननिहाल सिंग्थू टाड़ापर में रहकर पढ़ाई करता था। शाम में वह दोस्त के साथ साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रहा था। तभी ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। ग्रामीणों का आरोप है कि चालक नशे में था। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और ट्रैक्टर को क्षतिग्रस्त कर दिया। वे चालक पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे थे। आक्रोशित लोग पुलिस द्वारा शव उठाने का भी विरोध कर रहे थे। चार घंटे तक जाम लगा रहा। मौके पर दोनों परिवारों की चीत्कार भी गूंज रही थी।
मानपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है। पुलिस जाम हटाने और अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है।

