राहुल रंजन की रिपोर्ट
हरनौत थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने चाकू गोदकर युवक की हत्या कर दी थी। हत्या से परिजनोंं और ग्रामीणों ने शनिवार को शव को बिहारशरीफ–बख्तियारपुर एनएच-20 पर मुढ़ाड़ी गांव के समीप रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। जाम के कारण दोनों तरफ गाड़ियों की 1 किलोमीटर तक लंबी कतारें लग गई। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया। मृतक हरनौत थाना क्षेत्र के चेरन गांव निवासी 37 वर्षीय सोनू कुमार थे। वह निजी पैथोलॉजी में काम करते थे।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे सोनू के मोबाइल पर कॉल आई। इसके बाद वह हरनौत बाजार के शिवाजी मोहल्ला की ओर चला गया। कुछ देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि सोनू सड़क किनारे खून से लथपथ पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि उसके शरीर पर धारदार हथियार के कई वार के निशान थे। सोनू को पहले कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, फिर पीएमसीएच पटना रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सोनू चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था।
घटना से नाराज परिजनों ने शव रखकर एनएच जाम कर दिया। सूचना पर हरनौत थाना, चेरो ओपी, बेना थाना की पुलिस और हेडक्वार्टर डीएसपी तारकेश्वर प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने परिजनों को जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर मोबाइल कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

