राज की रिपोर्ट
कतरीसराय थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बरीठ गांव स्थित मुंशी नदी के दक्षिण बगीचे से छह साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में दो विधि-विरुद्ध बालक शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 स्मार्ट मोबाइल फोन तथा लोन से संबंधित विवरण दर्ज तीन पन्नों की ऑर्डर शीट बरामद की है।
राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बगीचे में बैठकर संगठित गिरोह के रूप में देशभर के लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाने वाले छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया, मोबाइल कॉल और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को लोन दिलाने और लॉटरी लगने का झांसा देकर साइबर ठगी करते थे। पुलिस को उनके पास से 10 स्मार्ट मोबाइल फोन तथा तीन पन्नों की ऑर्डर शीट मिली है, जिसमें विभिन्न लोगों के नाम, मोबाइल नंबर और लोन से संबंधित विवरण अंकित हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपितों में बरीठ निवासी जितेंद्र कुमार और राहुल पासवान बारांदी निवासी गौरी कुमार ,बालचंद बिगहा निवासी सचिन कुमार शामिल हैं। इसके अलावा कतरीसराय थाना क्षेत्र के दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया है।
गिरफ्तार अधिकांश आरोपित मैट्रिक तक की पढ़ाई भी पूरी नहीं कर सके हैं, लेकिन साइबर ठगी के तरीकों में माहिर होकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे।
सीछापेमारी टीम में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार कुशवाहा, दारोगा आदित्य कुमार, जमादार धर्मेंद्र कुमार, संजय दास, मुकेश कुमार,रूदल पासवान व जवान शामिल थे।

