राहुल रंजन की रिपोर्ट –
छबिलापुर थाना अंतर्गत राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग पर राइसरपर के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार हाइवा ने निजी स्कूल की प्रिंसिपल को रौंद दिया। सिर कुलचने से महिला की मौके पर जान चली गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम रखा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मृतका गया जिले के निमचक बथानी थाना क्षेत्र के नवादा पर गांव निवासी 25 वर्षीय ममता कुमारी हैं। वह राजगीर के राइसरपर स्थित सिटी पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थीं। पति उसी स्कूल के निदेशक हैं।
मंगलवार की सुबह महिला तीज पूजा के लिए पड़ोस में गई थीं। पूजा कर लौटने के दौरान राइसरपर के पास मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। पिछले पहिया से सिर कुलचने से उनकी मौके परजान चली गई। घटना के बाद चालक, हाइवा लेकर फरार हो गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। लोग फरार चालक पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
ममता कुमारी की करीब पांच साल पहले शादी हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं। तीन साल का बेटा सूर्य और दो साल की बेटी डुली। हादसे के वक्त दोनों मासूम घर में थे। ममता की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
हंगामा की सूचना पाकर पहुंचे डीएसपी और पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि हाइवा और चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और करीब तीन घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया।

