• June 19, 2026 10:45 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – पंजाब के फैक्ट्री संचालक के पैतृक घर से 33 लाख की चोरी…

ByReporter Pranay Raj

Jun 19, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

जिले में चोरी की घटना पर नकेल कसता नहीं दिख रहा है। सक्रिय बदमाश हर दिन घटना कर रहा है। एक दिन पहले परबलपुर थाना इलाके में दंपती को बंधक बनाकर बदमाशों ने 25 लाख की डकैती घर में की थी। इसके खुलासा के पहले बेन थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव में बदमाशों ने घर से 33 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच में जुटी है।

पीड़ित सुनील सिंह पंजाब में एल्युमिनियम फैक्ट्री चलाते हैं। उन्होंने बताया कि मां के इलाज के लिए पूरा परिवार घर में ताला लगाकर बिहारशरीफ गया था। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों और भतीजे ने फोन कर बताया कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। सूचना पर परिवार तुरंत गांव पहुंचा।

घर पहुंचते ही परिजनों के होश उड़ गए। चोरों ने मुख्य दरवाजे के साथ सभी कमरों के ताले तोड़ दिए थे। अलमारी, लॉकर और स्टोर बॉक्स खंगाले गए थे। सामान पूरे घर में बिखरा पड़ा था। चोर करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 3 लाख 70 हजार नगदी चोरी कर ले गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस घटना की जांच में जुट गई।

बेन थानाध्यक्ष ने बताया कि एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। डॉग स्क्वायड से भी सुराग तलाशे जा रहे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान में जुटी है।