• September 9, 2026 6:04 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – एसपी की दूसरी क्राइम मीटिंग: जानें वरीय अधिकारी का फरमान…

ByReporter Pranay Raj

Sep 8, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित शहीद हरदेव भवन में एसपी हृदय कांत ने दूसरी क्राइम मीटिंग आयोजित की। जिसमें सभी डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
एसपी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, वांछित-फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अपराध पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जिले में नशे का कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशे के कारण युवा पीढ़ी तेजी से इसकी चपेट में आ रही है, इसलिए यह पुलिस की प्राथमिकता में है। सभी थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र में नशा कारोबारियों और सप्लायरों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करें।

पुराने और लंबित कांडों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निष्पादन करें। गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाएं। फरार अपराधियों की सूची बनाकर लगातार छापेमारी करें और उनकी संपत्ति व नेटवर्क की जानकारी जुटाएं।
गश्ती बढ़ाने का निर्देश
एसपी ने संवेदनशील स्थानों, बाजार, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बैंक-एटीएम, स्कूल-कॉलेज और प्रमुख मार्गों पर नियमित गश्ती, खासकर रात्रि गश्ती प्रभावी करने को कहा। संदिग्ध व्यक्ति-वाहनों की जांच और घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। वाहन चोरी, लूट, छिनतई, शराब-नशा कारोबार पर विशेष निगरानी रखने को कहा।आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात करने, सोशल मीडिया पर निगरानी और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया। कहा कि सामुदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी ने वारंट, कुर्की-जब्ती की समीक्षा करते हुए न्यायालय के आदेशों का समय पर अनुपालन करने को कहा। सूचना तंत्र मजबूत करने और आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने का निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।